बिजनौर। जमीन के एक छोटे से टुकड़े को लेकर चल रही पुरानी रंजिश ने मंगलवार रात खूनी रूप ले लिया। चांदपुर तहसील के नूरपुर थाना क्षेत्र में बाइक सवार हमलावरों ने एक युवक को रास्ते में घेरकर उस पर तलवार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर भी हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।मृतक की पहचान गांव रहंगुहली निवासी महीपाल सिंह के 37 वर्षीय बेटे अरविंद सिंह के रूप में हुई है। उसके बड़े भाई गुरचरण सिंह के अनुसार, गांव के ही हरविंदर सिंह, प्रदीप सिंह और सुरजीत सिंह पक्ष के साथ उनका करीब 26 गज जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस संबंध में अदालत में भी मुकदमा विचाराधीन है।परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे वे गोविंद नगर मोहल्ले में अपने रिश्तेदार के घर खाना देने गए थे। वहां से लौटते समय पिलखन के पेड़ के पास पहले से घात लगाए बैठे पांच लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले मारपीट शुरू की और फिर अरविंद पर तलवार से कई वार कर दिए।गुरचरण सिंह का आरोप है कि भाई को बचाने का प्रयास करने पर हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस दौरान ईंट से वार कर अरविंद के दांत तोड़ दिए गए। हमले के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजन आनन-फानन में अरविंद को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल के बाहर हंगामा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।परिजनों ने हरविंदर सिंह, प्रदीप सिंह, सुरजीत सिंह और अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। उनका आरोप है कि जमीन विवाद के चलते पहले भी धमकियां दी गई थीं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।