मुजफ्फरनगर। शादी समारोह की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बंतिखेड़ा फ्लाईओवर के निकट बुधवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों दोस्त मुजफ्फरनगर में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे।गांव बलवा निवासी 18 वर्षीय अमन अपने साथी देवेंद्र के साथ बाइक से घर जा रहा था। रात करीब 12:30 बजे बंतिखेड़ा फ्लाईओवर के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से चोटिल हो गए। राहगीरों से सूचना मिलने पर बाबरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को शामली के अस्पताल में भर्ती कराया।अस्पताल में चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया, जबकि देवेंद्र की हालत गंभीर बताई गई। पुलिस ने अमन के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अमन सोनीपत स्थित अदमा कंपनी में नौकरी करता था। उसकी मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया।एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि हादसे के मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है