गाजियाबाद। करोड़ों रुपये के कारोबार और बीमा की रकम हासिल करने के कथित लालच में एक महिला ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। आरोप है कि महिला करीब एक साल तक अपने पति के खाने में सीसा (लेड) पाउडर मिलाती रही। इस जहरीले पदार्थ की चपेट में पति के साथ बेटा और भांजा भी आ गए। तीनों की तबीयत बिगड़ने पर कराई गई मेडिकल जांच में शरीर में सीसे की अधिक मात्रा मिलने से पूरे मामले का खुलासा हुआ।पुलिस के मुताबिक, वसुंधरा निवासी सुशील भटनागर की पत्नी रेनू पर परिवार के सदस्यों को धीरे-धीरे जहर देने का आरोप है। बताया गया है कि अगस्त 2025 से खाने में सीसा मिलाने का सिलसिला शुरू हुआ था। शुरुआत में सुशील की तबीयत खराब हुई। हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां करीब दो महीने तक उपचार चला। बाद में उनके बेटे वंश और 21 वर्षीय भांजे देव की सेहत भी बिगड़ गई। जांच में उनके शरीर में भी सीसे की विषाक्तता के संकेत मिले।मामले में परिवार की 12 वर्षीय बेटी की जानकारी अहम साबित हुई। उसने पिता को बताया कि मां खाने का कुछ हिस्सा अलग रखने के बाद उसमें कोई पदार्थ मिलाती थी। बेटी की बात से सुशील को संदेह हुआ और उन्होंने पत्नी से पूछताछ की। इसके बाद रेनू घर छोड़कर दिल्ली में अपनी बहन के यहां चली गई। सुशील ने पुलिस से शिकायत की तो जांच शुरू हुई।पुलिस जांच में सामने आया कि रेनू के पिता की आभूषण की दुकान थी, जहां धातुओं से जुड़े काम में सीसे का इस्तेमाल होता था। आशंका है कि महिला ने वहीं से यह जहरीला पदार्थ हासिल किया। पुलिस इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि सीसा परिवार के भोजन तक कैसे पहुंचाया गया।जांच में आर्थिक कारण भी सामने आए हैं। सुशील का ट्रैवल एजेंसी का कारोबार करीब पांच से छह करोड़ रुपये का बताया गया है। उनके नाम पर लगभग दो करोड़ रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी भी थी, जिसमें पत्नी नामिनी थी। पुलिस को आशंका है कि कारोबार और बीमा की रकम हासिल करने के इरादे से इस पूरी साजिश को अंजाम दिया गया।सुशील की शिकायत पर 24 सितंबर 2026 को इंदिरापुरम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने 23 नवंबर को रेनू को दिल्ली की झिलमिल कॉलोनी से गिरफ्तार किया। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास, जहरीले पदार्थ से नुकसान पहुंचाने और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।सीसा एक विषैली धातु है, जो लंबे समय तक शरीर में पहुंचने पर गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। इससे पेट दर्द, सिरदर्द, कमजोरी और पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। अधिक मात्रा में इसका असर दिमाग, नसों और शरीर के दूसरे महत्वपूर्ण अंगों पर भी पड़ता है।