मुरादाबाद। दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। छजलैट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्री उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में एक महिला और उसके पांच वर्षीय बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 यात्री घायल हो गए।हादसा जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर हुआ। रोडवेज बस छजलैट की ओर से मुरादाबाद आ रही थी। इसी दौरान अगवानपुर शुगर मिल से गन्ना छोड़कर लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली लदावली गांव के पास पहुंची। बताया गया कि ट्रैक्टर चालक ने रास्ते में एक कार को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही बस को टक्कर मार दी।भिड़ंत के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री सीटों से उछलकर सड़क पर जा गिरे, जबकि कुछ लोग सीटों के बीच फंस गए। मौके पर चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को बाहर निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया।हादसे में मुरादाबाद के सदुपुरा गांव निवासी अर्चना (30) और उनके पांच वर्षीय बेटे सुशांत की मौत हो गई। इसके अलावा बिजनौर के लोकेंद्र (50) और दीपिका चौहान (30) ने भी जान गंवा दी। दीपिका रामपुर में सरकारी शिक्षिका के पद पर तैनात थीं। अर्चना के पति जॉनसन मसीह भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं।एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिए गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामूली रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group