मुजफ्फरनगर। मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने शनिवार को चरथावल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर चल रहे कार्यों की पड़ताल करते हुए बीएलओ और सुपरवाइजरों को पूरी पारदर्शिता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी विधानसभा क्षेत्र 12-चरथावल के विभिन्न मतदेय स्थलों पर पहुंचे। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से मतदाता सूची के अद्यतन की जानकारी ली और नए नाम जोड़ने, नाम हटाने तथा संशोधन से संबंधित फॉर्म-6, 7 और 8 की जांच की।निरीक्षण के दौरान डीएम ने नए मतदाताओं के पंजीकरण, क्षेत्र में महिला-पुरुष मतदाताओं के अनुपात और युवा मतदाताओं की संख्या से जुड़े बिंदुओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में शुद्धता बनाए रखना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच की जाए और किसी भी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल होने से न छूटे।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित महिलाओं के नाम दर्ज कराने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए और सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर पूरे किए जाएं।इस दौरान जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। निरीक्षण के समय उप जिलाधिकारी सदर शुभम श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



