मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार में पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने शनिवार को निरीक्षण भवन में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ किसी भी पात्र व्यक्ति से छूटना नहीं चाहिए। योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।बैठक में मंत्री ने पिछड़ा वर्ग कल्याण और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप दिव्यांगजनों को उपकरण, पेंशन, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ई-ट्राईसाइकिल, दुकान निर्माण एवं संचालन योजना और दिव्यांग विवाह अनुदान का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए।इसके साथ ही पिछड़ी जाति के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, ओ-लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण तथा पिछड़ी जाति विवाह अनुदान योजनाओं का लाभ भी पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि योजनाओं के लिए विभाग के पास पर्याप्त बजट उपलब्ध है। ऐसे में पात्र लोगों को लाभ देने में किसी तरह की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।विभागीय समीक्षा के बाद मंत्री नरेंद्र कश्यप ने जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के साथ भी बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को जनसामान्य को नियमानुसार आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।बैठक में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय सहित संबंधित मंडलीय एवं जनपदीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group