मेरठ। परतापुर क्षेत्र स्थित श्रीराम सिंह ग्लोबल स्कूल में कक्षा पांच के छात्र के साथ कथित अभद्रता का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। बच्चे के परिजनों ने स्कूल के ट्रांसपोर्ट इंचार्ज पर गंभीर आरोप लगाते हुए स्कूल के बाहर करीब दो घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रांसपोर्ट इंचार्ज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।पीड़ित छात्र के पिता का आरोप है कि गुरुवार को ट्रांसपोर्ट इंचार्ज सोरम राठौर उनके बेटे को बहाने से स्कूल के बाथरूम में ले गया। वहां उसे अश्लील वीडियो दिखाने के साथ कपड़े उतरवाने का आरोप है। घटना के बाद बच्चे को किसी से कुछ न बताने की धमकी भी दी गई।पिता के मुताबिक, बच्चे ने इस घटना की जानकारी स्कूल की प्रिंसिपल प्रीति सिंह और शिक्षिका सलोनी को दी थी। आरोप है कि शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी होने के बावजूद बच्चे को दोबारा बुलाया गया। इसके बाद उसे कंप्यूटर लैब में बैठाकर प्रिंसिपल ने कथित तौर पर धमकाया कि घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे और उसके परिवार को पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा।परिजनों का कहना है कि बच्चा घर लौटने के बाद सामान्य रहा, लेकिन शनिवार सुबह स्कूल जाने की बात पर सहम गया। पिता ने प्यार से पूछताछ की तो बच्चे ने पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार के लोग स्कूल पहुंच गए और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की।स्कूल के बाहर हुए प्रदर्शन में स्थानीय लोग भी शामिल हुए। परिजनों ने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने मामले को दबाने का प्रयास किया। उन्होंने आरोपी के साथ-साथ मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई।विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने ट्रांसपोर्ट इंचार्ज सोरम राठौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मामला परतापुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



