मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र के गांव शाहडब्बर में 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती की मौत के बाद परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। इसी बीच किसी व्यक्ति ने पुलिस को मामले की जानकारी दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को कब्जे में ले लिया।गांव निवासी नीतू कश्यप की बेटी की 29 नवंबर को मौत हुई थी। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर श्मशान घाट पहुंच गए थे। इसी दौरान डायल-112 और बुढ़ाना पुलिस को सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रुकवाई और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।युवती की मौत को लेकर गांव में प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद की चर्चाएं हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि युवती का किसी युवक से प्रेम प्रसंग था, जिसको लेकर परिवार में तनाव चल रहा था। वहीं, जहरीला पदार्थ खाने की बात भी सामने आई है। हालांकि इन चर्चाओं की अभी पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे युवती की मौत की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम गांव पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवती की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group