मेरठ। दहेज में महंगी गाड़ी की मांग से नाराज लड़की के पिता ने अनोखे अंदाज में विरोध जताते हुए लड़के पक्ष को खिलौना थार पकड़ा दी। साथ ही शादी करने से साफ इन्कार कर दिया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।मामला भावनपुर थाना क्षेत्र के जैनपुर गांव का बताया गया है। यहां रहने वाले शमशेर के बेटों महताब और फैज का रिश्ता मेरठ के परतापुर क्षेत्र के सौलाना गांव निवासी बब्बर की बेटियों रुकैया और मुस्कान से तय हुआ था। करीब पांच महीने पहले दोनों परिवारों के बीच सगाई हुई थी। शनिवार को लड़का पक्ष शादी की तारीख तय करने और अन्य रस्मों के सिलसिले में लड़की वालों के घर पहुंचा था।आरोप है कि शादी से पहले लड़के पक्ष की ओर से कार की मांग की जा रही थी। लड़की के पिता बब्बर ने इस मांग को पूरा करने में असमर्थता जताई, लेकिन बात नहीं बनी। बताया गया कि उन्होंने बेटियों की शादी के खर्च के लिए अपनी तीन बीघा पैतृक जमीन भी करीब 40 लाख रुपये में बेच दी थी। इसके बावजूद गाड़ी की मांग को लेकर दोनों परिवारों के बीच सहमति नहीं बन सकी।शनिवार सुबह से ही लड़के पक्ष के लोग लड़की वालों के घर बैठे रहे। रात करीब 10 बजे बब्बर ने उन्हें खिलौना थार देते हुए कहा कि जब उन्हें बेटी के लिए इंसान नहीं, बल्कि कार चाहिए थी तो यह कार लेकर जाएं। अब वह अपनी बेटियों की शादी इस परिवार में नहीं करेंगे।इसके बाद बब्बर ने दोनों बेटियों का रिश्ता तोड़ने का फैसला सुना दिया। घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह लड़के पक्ष को खिलौना कार देते दिखाई दे रहे हैं। घटना ने एक बार फिर दहेज की मांग और इसके चलते टूटते रिश्तों के मुद्दे को चर्चा में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group