शामली। थानाभवन क्षेत्र में रात के समय बिस्तर पर चढ़े जहरीले सांप ने पिता-पुत्र को डस लिया। सर्पदंश के बाद मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार और एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध कराने को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।भैसानी इस्लामपुर गांव निवासी जावेद अपने बेटे के साथ थानाभवन नगर पंचायत कार्यालय के पास स्थित कॉलोनी में रहता है। बताया गया कि रात करीब तीन बजे पिता-पुत्र बिस्तर पर सो रहे थे। इसी दौरान जहरीला सांप बिस्तर पर चढ़ गया और दोनों को डस लिया। बच्चे के रोने पर जावेद की नींद खुली। कुछ देर बाद बिस्तर पर सांप दिखाई देने पर परिजनों को सर्पदंश की जानकारी हुई।परिजन दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाभवन लेकर पहुंचे। बताया गया कि सांप ने जावेद को जांघ के पास और उसके बेटे को कमर के आसपास डसा था। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने चिकित्सकों से तत्काल एंटी स्नेक वेनम देने की मांग की, लेकिन इसके लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में बच्चे को एंटी वेनम दिए जाने की बात सामने आई।अस्पताल से घर लौटने के बाद बच्चे की हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। इसके बाद परिजन बच्चे को झाड़-फूंक कराने के लिए दूसरे जिले की ओर भी ले गए। जावेद को भी उपचार के साथ झाड़-फूंक कराने की बात सामने आई है।घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्था और सर्पदंश के मरीजों के लिए उपलब्ध उपचार सुविधाओं को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर समुचित उपचार और एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध कराया जाता तो बच्चे की जान बच सकती थी। हालांकि उपचार में देरी अथवा अस्पताल की लापरवाही की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group