मेरठ। सरधना थाना क्षेत्र के ग्राम कुशावली में सड़क किनारे गन्ने के खेत से करीब 22 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिलने से पुलिस में हड़कंप मच गया। ग्रामीण की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच कराई। युवती की पहचान अभी नहीं हो सकी है।ग्राम कुशावली निवासी विक्रम सिंह पुत्र मोहन सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि महाराणा प्रताप चौक से पहले सड़क किनारे गन्ने के खेत में एक युवती का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी, थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए जनपदीय फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।युवती की पहचान कराने के लिए थाना स्तर पर दो पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके साथ ही युवती की पहचान के लिए अन्य स्तरों पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो पाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group