मुजफ्फरनगर। जिले में बेहतर पुलिसिंग, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के लिए छह पुलिसकर्मियों को उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक की ओर से प्रशंसा चिन्ह और सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह प्रदान किया गया है। सम्मान मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने सभी पुलिसकर्मियों को बधाई दी और उनके कार्यों की सराहना की।शौर्य के लिए थाना भौराकलां के थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात कार्यालय में तैनात हेड कांस्टेबल कपिल और क्षेत्राधिकारी सदर कार्यालय के हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार को प्रशंसा चिन्ह (रजत) से सम्मानित किया गया है। थाना खतौली में तैनात निरीक्षक कमल किशोर और पुलिस अधीक्षक यातायात कार्यालय के उपनिरीक्षक योगेन्द्र शर्मा को उत्कृष्ट सेवाभिलेख के आधार पर प्रशंसा चिन्ह (रजत) प्रदान किया गया। थाना नई मंडी की बागोवाली चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक सन्दीप कुमार को सराहनीय सेवाओं के लिए सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह दिया गया है।सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने उनके अनुशासन, साहस, कर्तव्यनिष्ठा और कार्यशैली की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को मिलने वाले ऐसे सम्मान से उनका मनोबल बढ़ता है और अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।एसएसपी ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों से भविष्य में भी इसी लगन और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई। छह पुलिसकर्मियों को डीजीपी स्तर का सम्मान मिलने से जिले के पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है।