मुजफ्फरनगर। राजस्व विभाग में किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत जिले में तैनात तीन तहसीलदारों का तबादला कर दिया गया है। वहीं दो नए तहसीलदारों को मुजफ्फरनगर में तैनाती दी गई है। प्रदेश स्तर पर नायब तहसीलदार से पदोन्नत होकर तहसीलदार बने अधिकारियों समेत कुल 100 अधिकारियों की नई तैनाती के आदेश जारी किए गए हैं।जारी आदेश के अनुसार मुजफ्फरनगर में तैनात अमन कुमार का तबादला शामली किया गया है। अमित कुमार रस्तोगी और रोहित को मुजफ्फरनगर से सहारनपुर भेजा गया है। तीनों अधिकारियों को अपनी नई तैनाती पर कार्यभार संभालना होगा।वहीं मुजफ्फरनगर में दीप्ति पाल को बरेली से स्थानांतरित कर तैनाती दी गई है। इसके अलावा स्नेह कुमार तिवारी का बुलंदशहर से मुजफ्फरनगर तबादला किया गया है। दोनों अधिकारी जिले में तहसीलदार के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।राजस्व परिषद की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक स्थानांतरित और नवपदोन्नत अधिकारियों को 25 अगस्त तक नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले अधिकारियों को नियमानुसार पुराने स्थान से कार्यमुक्त माना जाएगा और इसके बाद पुराने जिले से वेतन आहरित नहीं किया जा सकेगा।मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल कार्यमुक्त कर नई तैनाती पाने वाले अधिकारियों को कार्यभार ग्रहण कराया जाए। कार्यमुक्ति और कार्यभार ग्रहण करने की सूचना मानव संपदा पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।राजस्व विभाग में हुए इस फेरबदल के बाद मुजफ्फरनगर की तहसीलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव होगा। नई तैनाती पाने वाले अधिकारियों के कार्यभार संभालने के बाद राजस्व संबंधी मामलों के निस्तारण और प्रशासनिक कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।