मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कस्बे में संतान न होने को लेकर विवाहिता को कथित रूप से प्रताड़ित करने और लाठी-डंडों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, बुढ़ाना क्षेत्र निवासी शबीस्ता की शादी करीब छह वर्ष पहले इमरान उर्फ गुड्डू के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से संतान न होने को लेकर उसे लगातार ताने दिए जाते थे और मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। पिछले करीब दस महीने से शबीस्ता बुढ़ाना में चांदनी वाले मंदिर के पास किराये के मकान में रह रही थी।आरोप है कि 21 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे इमरान ने शबीस्ता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। आरोप है कि इसी दौरान इमरान के भाई रिहान और गुफरान उर्फ भूरा भी मकान में पहुंच गए और तीनों ने महिला के साथ मारपीट की। पीड़िता ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।मारपीट के बाद शबीस्ता ने अपने भाई जहीम अहमद को फोन कर घटना की जानकारी दी। जहीम ने पुलिस की आपात सेवा को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी वहां से चले गए। इसके बाद जहीम अपनी बहन को लेकर बुढ़ाना थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी।पुलिस ने तहरीर के आधार पर इमरान उर्फ गुड्डू, रिहान और गुफरान उर्फ भूरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group