मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति की समीक्षा के लिए सोमवार को जिला स्तरीय बैंकर्स बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले के बैंकों की शाखावार और बैंकवार स्थिति की समीक्षा की गई।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित बैंक शाखाओं में लंबित पात्र किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों को योजना से जोड़ने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।सीडीओ ने स्पष्ट किया कि जिन बैंक या शाखाओं की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई जाएगी, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों से कहा कि कार्रवाई की स्थिति आने से पहले ही अपने स्तर पर प्रभावी कदम उठाकर सभी पात्र किसानों को योजना के दायरे में लाना सुनिश्चित करें।बैठक में उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही, जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक नीलय वत्स, जिला अग्रणी प्रबंधक अनिल चौधरी, जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक राकेश, फसल बीमा जिला प्रबंधक एवं तहसील समन्वयक तथा विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।