मुजफ्फरनगर। आगामी ईद-ए-मिलाद, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पंचायत सभागार में शांति समिति की बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह और अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह ने धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और शांति समिति के सदस्यों से संवाद कर त्योहारों के दौरान प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। जुलूस केवल पहले से चिन्हित मार्गों से ही निकाले जाएंगे। सभी समुदायों के लोग एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाएं।बैठक में लोगों से अपील की गई कि किसी असामाजिक तत्व या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। किसी भी अफवाह पर विश्वास करने के बजाय उसकी पुष्टि अधिकारियों से की जाए। सामाजिक माध्यमों पर धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली, आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री साझा करने से भी बचने को कहा गया।त्योहारों के मद्देनजर संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका को सफाई व्यवस्था, विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति के साथ झुके पोल और नीचे लटक रहे तारों को ठीक कराने तथा लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। जलकल विभाग को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।बैठक में धर्मगुरुओं ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि आगामी सभी पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाएंगे। उन्होंने हाल में संपन्न कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए अधिकारियों का आभार जताया तथा आगामी त्योहारों में भी पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिक और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।