मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सर्कुलर रोड पर सोमवार देर रात उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब एक विवाहिता ससुराल के बाहर सड़क किनारे धरने पर बैठ गई। विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर मारपीट करने और घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया।विवाहिता की पहचान ज्योति के रूप में हुई है। ज्योति के अनुसार, वह दवा लेने के लिए एक क्लिनिक गई थी। वहां से वापस ससुराल पहुंचने पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद उसने ससुराल के बाहर ही बैठकर घर में प्रवेश देने की मांग शुरू कर दी।रात करीब 11 बजे विवाहिता के सड़क पर बैठने की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और विवाहिता तथा ससुराल पक्ष से बातचीत की।पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक सहमति नहीं बन सकी। विवाहिता का कहना था कि उसे ससुराल में रहने दिया जाए, जबकि ससुराल पक्ष उसे घर में प्रवेश देने के लिए तैयार नहीं था।बताया गया कि विवाहिता का पति नोएडा में पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात है। हालांकि, पति की तैनाती से संबंधित जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।पुलिस देर रात तक मौके पर मौजूद रही और दोनों पक्षों से मामले की जानकारी जुटाती रही। विवाहिता द्वारा लगाए गए मारपीट और घर से निकालने के आरोपों की वास्तविक स्थिति पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयानों के बाद ही स्पष्ट होगी।