मुजफ्फरनगर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बुढ़ाना में दूध की गुणवत्ता को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए कर्बला रोड स्थित अकबर मिल्क चिलिंग सेंटर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध दूध और उससे संबंधित सामग्री मिलने पर बड़ी मात्रा में दूध जब्त किया गया। मौके से लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय अर्चना धीरान के नेतृत्व में पहुंची टीम ने चिलिंग सेंटर की जांच की। अधिकारियों के अनुसार मौके पर स्किम्ड मिल्क पाउडर मिलाकर सफेद घोल तैयार किए जाने की स्थिति सामने आई। टीम ने करीब 200 लीटर संदिग्ध सफेद घोल को मौके पर ही नष्ट कराया। इसकी अनुमानित कीमत करीब छह हजार रुपये बताई गई।कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 14,500 लीटर दूध जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 8.70 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 235 किलोग्राम स्किम्ड मिल्क पाउडर, 10 किलोग्राम घी, 70 किलोग्राम क्रीम, 10 किलोग्राम कास्टिक सोडा जैसा पदार्थ और 48 लीटर पारदर्शी तरल पदार्थ भी कब्जे में लिया गया।जांच के लिए कुल 10 नमूने लिए गए। इनमें अलग-अलग प्रकार का दूध, गाय का दूध, स्किम्ड मिल्क पाउडर, संदिग्ध सफेद पदार्थ, कास्टिक सोडा जैसा पदार्थ, टीपोल जैसा तरल, घी और क्रीम के नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामग्री में मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी।कार्रवाई के बाद विभाग ने अकबर मिल्क चिलिंग सेंटर का संचालन बंद करा दिया। संबंधित खाद्य कारोबारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और सेंटर का लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।कार्रवाई करने वाली टीम में अर्चना धीरान के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप सिंह, वैभव शर्मा, सुनील कुमार, डॉ. अश्विनी कुमार, डॉ. विशाल चौधरी और नेहा चौधरी शामिल रहे। विभाग ने खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।