मुजफ्फरनगर। नई मंडी स्थित भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विभागीय विज्ञान मेला-2026 का आयोजन उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। मेले में मुजफ्फरनगर विभाग के तीन जनपदों के 10 विद्यालयों से पहुंचे 210 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, तर्कशक्ति, प्रयोगशीलता और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पार्चन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव तथा विशिष्ट अतिथि डीएवी डिग्री कॉलेज, मुजफ्फरनगर के प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार त्यागी रहे। मुख्य वक्ता विद्या भारती के प्रांत संगठन मंत्री प्रदीप गुप्ता की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।

इस अवसर पर मेरठ संभाग के संभाग निरीक्षक जगवीर शर्मा, जन शिक्षा समिति के चरणपाल, विद्यालय प्रबंधक शोभित सिंह, डॉ. आशीष द्विवेदी, डॉ. हरिओम शर्मा, डॉ. मुकेश, डॉ. नीरज, डॉ. ए.के. दिरमानी, सुनील त्यागी, अक्षय सहित अनेक अतिथि मौजूद रहे।मुख्य वक्ता प्रदीप गुप्ता ने विद्यार्थियों से विज्ञान को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान और तकनीक का उपयोग दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान तथा समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों में जिज्ञासा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, प्रयोगशीलता और नवाचार की भावना विकसित करने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि केवल प्रदर्शन करने के बजाय विद्यार्थियों में प्रयोग और नवाचार की संस्कृति विकसित करना आवश्यक है। उनके संबोधन के बाद भारत माता के जयघोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा।जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव ने कहा कि वह स्वयं विद्या भारती के पुरातन छात्र रहे हैं। विद्यालय का वातावरण देखकर उन्हें अपने विद्यार्थी जीवन की यादें ताजा हो गईं। उन्होंने विज्ञान मेले की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।डॉ. योगेश कुमार त्यागी ने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने डीएवी डिग्री कॉलेज के प्राणी विज्ञान विभाग स्थित संग्रहालय का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को वहां भ्रमण के लिए आमंत्रित किया।चार प्रतियोगिताओं में हुआ प्रतिभा का प्रदर्शनविज्ञान मेले में विज्ञान प्रश्न मंच, विज्ञान प्रयोग, विज्ञान पत्रवाचन और विज्ञान प्रदर्श प्रतियोगिताएं बाल, किशोर तथा तरुण वर्ग में आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी विषयगत जानकारी, प्रयोगात्मक क्षमता, प्रस्तुतीकरण और नवाचार का परिचय दिया।विज्ञान प्रश्न मंच के बाल वर्ग में सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, केशवपुरी प्रथम, भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, नई मंडी द्वितीय और लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज तृतीय रहा। किशोर वर्ग में स्टार पेपर मिल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सहारनपुर प्रथम, भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज द्वितीय तथा सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, केशवपुरी तृतीय रहा। तरुण वर्ग में भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, नई मंडी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।विज्ञान प्रयोग प्रतियोगिता के बाल वर्ग में श्री अजीत सिंह सरस्वती विद्या मंदिर, अम्बेहटा प्रथम, स्टार पेपर मिल सरस्वती विद्या मंदिर, सहारनपुर द्वितीय और लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर, मुजफ्फरनगर तृतीय रहा। किशोर वर्ग में श्री अजीत सिंह इंटर कॉलेज, अम्बेहटा प्रथम, सरस्वती शिशु मंदिर, केशवपुरी द्वितीय तथा लाला नरसिंह दास इंटर कॉलेज, कैराना तृतीय रहा। तरुण वर्ग में स्टार पेपर मिल सरस्वती विद्या मंदिर, सहारनपुर प्रथम, श्री अजीत सिंह इंटर कॉलेज, अम्बेहटा द्वितीय और सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, शामली तृतीय रहा।विज्ञान पत्रवाचन प्रतियोगिता के बाल वर्ग में लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर, मुजफ्फरनगर प्रथम, स्टार पेपर मिल सरस्वती विद्या मंदिर, सहारनपुर द्वितीय और प्रकाशवती प्रेमचंद सरस्वती विद्या मंदिर, मीरापुर तृतीय रहा। किशोर वर्ग में भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज प्रथम, लाला नरसिंह दास सरस्वती विद्या मंदिर, कैराना द्वितीय तथा लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज तृतीय रहा। तरुण वर्ग में भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज प्रथम, सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, शामली द्वितीय और स्टार पेपर मिल सरस्वती विद्या मंदिर, सहारनपुर तृतीय रहा। आचार्य वर्ग में लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर के पुनीत प्रथम और भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की वर्षा द्वितीय रहीं।विज्ञान प्रदर्श प्रतियोगिता में बाल वर्ग में कार्तिक, विराट, यश जैन, जस और शिवांश जायसवाल की टीम प्रथम रही। तन्वी चौधरी, सिमरन, अथर्व और आर्यांश की टीम ने द्वितीय तथा माणिक, प्रिन्स, अक्षज और देवांश की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। किशोर वर्ग में नंदिनी, पारस, प्रिन्स, रियान्शी और मृत्युंजय प्रथम रहे। खुशी पाल, आरंभ दक्ष, विनायक, अभय और वैभव द्वितीय तथा कनिका, सृष्टि, निधि, सार्थक और अरमान तृतीय रहे। तरुण वर्ग में आराध्या, वंशिका, वैष्णवी, कारण और अभिनव की टीम प्रथम, रिंकी, अपूर्व, अर्पित और परी की टीम द्वितीय तथा कृष्णा, सौरभ, अर्शी और कशिश की टीम तृतीय रही।प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. नीलम सिन्हा, डॉ. हरिओम शर्मा, डॉ. मुकेश, डॉ. नीरज, डॉ. ए.के. दिरमानी, प्रधानाचार्य सुनील त्यागी, अक्षय, मनोज कुमार, ऋषभ शर्मा, योगेंद्र, विकास, अनिल और मुक्ता सहित अन्य निर्णायक शामिल रहे। निर्णायकों ने विभिन्न प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए परिणाम निर्धारित किए।कार्यक्रम के संयोजक शिव शंकर शर्मा तथा सह संयोजक नीशू कौशिक रहे। समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिए गए, जबकि विभिन्न स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. वंदना शर्मा ने आयोजन की सफलता पर विद्यार्थियों, निर्णायक मंडल, अतिथियों, आचार्य-आचार्याओं और सहयोगियों को बधाई दी। विभागीय प्रतियोगिता संयोजक शिवशंकर शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में सहायक हैं। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। विज्ञान, नवाचार, संस्कार और राष्ट्रभक्ति के संगम ने विज्ञान मेले को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी अनुभव बना दिया।