मुजफ्फरनगर । थाना क्षेत्र के गांव सिकरेड़ा के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ई-रिक्शा चालक की जान चली गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।बताया गया है कि गांव सिकरेड़ा निवासी 40 वर्षीय बिजेंद्र पुत्र फूल सिंह मेहनत-मजदूरी कर ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। शुक्रवार को वह किसी निजी कार्य से देवल गया हुआ था। दोपहर के समय वह ई-रिक्शा लेकर वापस अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के सामने स्थित फ्लाईओवर के समीप पहुंचा, तभी पीछे से तेज गति में आए एक अनियंत्रित ट्रक ने उसके रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी।हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही बिजेंद्र सड़क पर जा गिरा और ट्रक का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके की ओर दौड़ लगाई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। सड़क पर शव पड़े होने के कारण कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजीव शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार बिजेंद्र परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके निधन से पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और दो बेटों को छोड़ गया है।पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।