बुलंदशहर। नेशनल हाईवे-34 पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार परिवार को ऐसी टक्कर मारी कि पति-पत्नी और उनके तीन छोटे बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया।जानकारी के अनुसार देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव धमेड़ा कीरत निवासी उत्तम सिंह अपनी पत्नी उर्मिला और तीन बच्चों के साथ खुर्जा गए थे। शुक्रवार को वह मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहे थे। जब परिवार भंसौली कट के पास पहुंचा, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और परिवार के सभी सदस्य सड़क पर दूर जा गिरे। तेज रफ्तार ट्रक उन्हें कुचलता हुआ आगे निकल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े, लेकिन तब तक पांचों की मौत हो चुकी थी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप और क्षेत्राधिकारी प्रखर पांडेय भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस को घटनास्थल से हरियाणा नंबर की प्लेट का टूटा हिस्सा मिला है। अधिकारियों का मानना है कि दुर्घटना करने वाला ट्रक हरियाणा का हो सकता है। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। साथ ही हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी वाहन की पहचान की जा सके।हादसे की खबर जैसे ही गांव धमेड़ा कीरत पहुंची, पूरे गांव में कोहराम मच गया। एक साथ परिवार के पांच लोगों की मौत से ग्रामीण स्तब्ध हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group