रामराज। मुजफ्फरनगर के रामराज थाना क्षेत्र स्थित गांव हाशमपुर में शुक्रवार को एक विवाहिता की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला लंबे समय से घरेलू तनाव से परेशान चल रही थी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।जानकारी के अनुसार गांव निवासी सचिन कम्बोज की पत्नी नीतू कम्बोज (35) शुक्रवार को घर पर मौजूद थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर परिवार में कहासुनी हो गई। बताया जाता है कि विवाद के बाद नीतू ने आवेश में आकर घर में रखा जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजनों को घटना की जानकारी हुई। आनन-फानन में उसे पहले स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया।परिजन नीतू को मेरठ के गंगानगर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना से गांव के लोग भी स्तब्ध रह गए और बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कराई। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिरोही ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू कलह से जुड़ा सामने आया है। फिलहाल मृतका पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।