मुजफ्फरनगर। सर्विसेज क्लब मुजफ्फरनगर की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। वर्ष 2026-28 के लिए होने वाले चुनाव आगामी 17 मई को संपन्न कराए जाएंगे। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (वि० एवं रा०) कार्यालय से आधिकारिक कार्यक्रम जारी किया गया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत 9 मई को मतदाता सूची के प्रकाशन से होगी। मतदाता सूची पर आपत्तियां 10 मई तक प्राप्त की जाएंगी, जबकि उनका निस्तारण 11 मई को किया जाएगा। नामांकन पत्र 12 और 13 मई को वितरित किए जाएंगे तथा 14 मई को नामांकन जमा किए जाएंगे। उम्मीदवार 15 मई को अपने नामांकन वापस ले सकेंगे और उसी दिन नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी भी की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत 17 मई, रविवार को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतों की गिनती कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तहसीलदार सदर श्री राधेश्याम गौड़ को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रशासन की ओर से सभी सदस्यों से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की गई है।