मुजफ्फरनगर। जनपद में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जसोई, गालिबपुर, बोपाड़ा, जड़ौदा तथा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खतौली पहुंचकर ओपीडी, दवा वितरण, टीकाकरण, जांच सेवाओं एवं साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया।सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मेलों में आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने को शासन की प्राथमिकता बताते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।निरीक्षण के दौरान डॉ. तेवतिया ने स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वच्छता बनाए रखने, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।