मीरापुर क्षेत्र के मोहल्ला कोटला में हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गम में डुबो दिया। गर्मी से राहत पाने के लिए बाग में नहाने गए एक युवक की ट्यूबवेल की हौज में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और मोहल्ले में मातम जैसा माहौल बन गया।बताया गया है कि मोहल्ला कोटला निवासी काले पुत्र श्याम सिंह सैनी दोपहर के समय अपने एक दोस्त के साथ मुकलमपुरा क्षेत्र स्थित ‘100 बीघा’ नाम से मशहूर बाग में गया था। दोनों युवक वहां गर्मी से बचने और नहाने के उद्देश्य से पहुंचे थे। इसी दौरान काले का साथी बाग की रखवाली कर रहे व्यक्ति से बातचीत करने लगा, जबकि काले पास में बनी गहरी हौज में उतर गया।काफी देर तक जब युवक बाहर नहीं आया तो उसके साथी को चिंता हुई। उसने हौज के पास जाकर देखा तो काले पानी में डूबा हुआ दिखाई दिया। यह नजारा देखते ही वह घबरा गया और मदद के लिए शोर मचाने लगा। आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला और तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।पहले युवक को मीरापुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताते हुए उसे मवाना रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर मवाना जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।शाम को गंगा बैराज पर भारी गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और लोग परिवार को ढांढस बंधाते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group