मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक, अस्पताल और पैथोलॉजी लैब के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर रविवार को खतौली क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कई अपंजीकृत क्लीनिक, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी लैब पर टीम ने छापेमारी कर कार्रवाई की।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर संचालकों से वैध पंजीकरण, शैक्षिक योग्यता एवं संचालन से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन संतोषजनक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इसके बाद ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनीश कुमार सिंह एवं उनकी टीम ने नियमानुसार संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी करते हुए सीलिंग की कार्रवाई की।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण एवं नियमों के विपरीत संचालित चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और मानक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता से मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ न हो सके।स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध रूप से क्लीनिक, अस्पताल या पैथोलॉजी लैब संचालित होते दिखाई दें तो उसकी शिकायत जन शिकायत ऐप के माध्यम से करें। इसके लिए विभाग ने मोबाइल ऐप डाउनलोड करने का लिंक भी जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group