शामली जिले में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के टिटौली फ्लाईओवर के पास ग्रामीणों ने दूध से भरी पिकअप गाड़ी के चालक और परिचालक को नाले का गंदा पानी दूध की केनों में मिलाते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। घटना के बाद मौके पर भारी हंगामा खड़ा हो गया और लोगों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया।जानकारी के अनुसार सोमवार को हाईवे किनारे एक पिकअप गाड़ी संदिग्ध हालत में खड़ी थी। गाड़ी में बड़ी संख्या में दूध की केन रखी हुई थीं। इसी दौरान खेतों में काम कर रहे कुछ ग्रामीणों ने देखा कि चालक और उसका साथी खेतों की सिंचाई के लिए बनी नाली से गंदा पानी भरकर दूध की केनों में मिला रहे हैं। यह देखकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों को पकड़ लिया।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने जमकर नाराजगी जताई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।सूचना मिलने के बाद थाना आदर्श मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दूध से भरी पिकअप को भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि वह सहारनपुर जिले के गंगोह क्षेत्र से दूध लेकर शामली के कंडेला स्थित एक फैक्ट्री में सप्लाई करने आता था।घटना के बाद इलाके में मिलावटी खाद्य पदार्थों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर ग्रामीण समय रहते सतर्क न होते तो यह मिलावटी दूध बाजार में पहुंचकर बड़ी संख्या में लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता था।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दूध के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे और रिपोर्ट आने के बाद संबंधित धाराओं में आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं खाद्य विभाग की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इतने बड़े स्तर पर मिलावट का खेल कैसे चल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group