मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र के गांव बसेड़ा में डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद शनिवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। पोस्ट वायरल होने की जानकारी मिलते ही दलित समाज के लोगों में भारी नाराजगी फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और समाज के लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताया।आरोप लगाया गया कि मामले की शिकायत पुलिस से किए जाने के बावजूद छपार थाना पुलिस ने तुरंत कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इससे नाराज लोग सीधे कैबिनेट मंत्री के आवास पर पहुंच गए और पूरे मामले से अवगत कराया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महापुरुषों के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी कर समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।मामले को गंभीरता से लेते हुए कैबिनेट मंत्री ने मौके पर ही थाना छपार प्रभारी से फोन पर बातचीत की और अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली। मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकती हैं, इसलिए पुलिस को संवेदनशीलता के साथ तेजी से कार्रवाई करनी चाहिए।मंत्री के हस्तक्षेप के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पोस्ट किस आईडी से डाली गई, इसकी तकनीकी जांच कराई जा रही है। आरोपी की पहचान होते ही मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। एहतियात के तौर पर पुलिस क्षेत्र में नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group