सुलतानपुर जिले के अखण्डनगर थाना क्षेत्र में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। अलाउद्दीनपुर गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।बताया गया कि सरैया मुबारक निवासी प्रदीप कुमार और उनके भाई अनिल कुमार पेशे से मजदूरी का काम करते थे तथा डीजे कार्यक्रमों में भी सहयोग करते थे। रविवार रात दोनों भाई जौनपुर जिले के खुटहन क्षेत्र से कार्यक्रम समाप्त कर लौटे थे। देर रात जब वे वाहन से डीजे का सामान उतार रहे थे, तभी तेज गति से आई एक बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना होते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।दो जवान बेटों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचने लगे। हादसे के बाद से परिजन बदहवास हैं।सूचना मिलने पर अखण्डनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि अज्ञात बोलेरो चालक की तलाश की जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने में जुटी हुई है।