नोएडा के सेक्टर-93 स्थित गेझा गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। घर के बाहर खेल रहे पांच वर्षीय मासूम की उस समय मौत हो गई, जब अचानक मकान का भारी लोहे का गेट टूटकर उसके ऊपर आ गिरा। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और मोहल्ले में मातम जैसा माहौल बन गया।बताया जा रहा है कि नवदीप नाम का मासूम अपने घर के बाहर खेल रहा था। खेलते समय वह लोहे के बड़े गेट के पास पहुंच गया और उसी पर झूलने लगा। इसी दौरान अचानक गेट का संतुलन बिगड़ गया और वह भरभराकर बच्चे के ऊपर गिर पड़ा। भारी गेट सिर और शरीर पर गिरने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं सके।बच्चे की चीख सुनकर परिजन और पड़ोसी दौड़कर मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में घायल मासूम को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने काफी प्रयास किए, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि मोहल्ले के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसा साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत और दुख का माहौल है।सूचना मिलते ही थाना फेस-2 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में गेट की फिटिंग कमजोर होने की बात सामने आ रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group