मुजफ्फरनगर, 11 मई 26। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय ने जनपद के समस्त दिव्यांगजनों एवं संबंधित संस्थाओं को सूचित किया है कि प्रत्येक वर्ष 3 दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर दिव्यांगता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इसके तहत वर्ष 2026 के लिए विभिन्न श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।उन्होंने बताया कि दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा 12 श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें दक्ष दिव्यांग कर्मचारी, स्वनियोजित दिव्यांगजन, सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता, प्लेसमेंट एजेंसी, प्रेरणास्रोत, दिव्यांगजन हित में कार्यरत श्रेष्ठ संस्था एवं व्यक्ति, नवीन अनुसंधान या उत्पाद विकास, बाधामुक्त वातावरण निर्माण, पुनर्वास सेवाएं प्रदान करने वाला श्रेष्ठ जिला, सृजनशील दिव्यांग वयस्क व बालक-बालिका, श्रेष्ठ ब्रेल प्रेस, अनुकूल वेबसाइट, दिव्यांग खिलाड़ी तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि पात्र अभ्यर्थी एवं स्वैच्छिक संगठन अपने आवेदन पूर्ण अभिलेखों सहित 15 जुलाई 2026 तक कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, विकास भवन, मुजफ्फरनगर में जमा करा सकते हैं। आवेदन पत्र एवं विस्तृत जानकारी के लिए संबंधित कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।