मुजफ्फरनगर। जनपद में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं के बीच थाना नई मंडी पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। देर रात पुलिस और वाहन चोरों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी की छह मोटरसाइकिलें, अवैध हथियार तथा ताले खोलने में इस्तेमाल की जाने वाली विशेष चाबी बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार थाना नई मंडी क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि राष्ट्रीय राजमार्ग-58 स्थित कूकड़ी मैदान के पास एक पुराने खंडहर में कुछ बदमाश चोरी की मोटरसाइकिलें छिपाकर बैठे हैं और उन्हें बेचने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों ओर से घेराबंदी कर दी।बताया गया कि पुलिस को देखते ही बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस दल पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा चलाई गई गोली से दोनों बदमाश घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके से दबोच लिया। घायल बदमाशों की पहचान हरिद्वार निवासी मुराद अली तथा थाना सिखेड़ा क्षेत्र निवासी मोनू के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें एक बुलेट मोटरसाइकिल भी शामिल है, जिसकी चोरी का मुकदमा थाना नई मंडी में पहले से दर्ज है। इसके अलावा दो तमंचे, कारतूस और मोटरसाइकिल चोरी में इस्तेमाल होने वाली विशेष चाबी भी बरामद हुई है।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी कर सुनसान स्थानों और खंडहरों में छिपा देते थे। बाद में वाहनों को दूसरे जिलों में बेच दिया जाता था। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।