फिरोजाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात एक भीषण सड़क हादसे ने यात्रियों में दहशत फैला दी। कानपुर से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस ट्रक से टकराने के बाद आग की लपटों में घिर गई। हादसे में बस चालक और परिचालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 15 यात्री घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।बताया गया कि हादसा मत्सेना थाना क्षेत्र में देर रात हुआ। तेज रफ्तार बस आगे चल रहे कैंटर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत आग लग गई और कुछ ही पलों में लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। बस में सवार यात्री जान बचाने के लिए चीखते-चिल्लाते हुए बाहर निकलने लगे।सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और यूपीडा की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे चालक और परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल यात्रियों को एंबुलेंस के जरिए शिकोहाबाद और सैफई के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।सिटी मजिस्ट्रेट विनोद पांडे ने बताया कि हादसे में करीब 15 लोग घायल हुए हैं। इनमें कई यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना भयावह था कि बस कुछ ही देर में धूं-धूं कर जलने लगी। आसपास मौजूद लोग यात्रियों की मदद के लिए दौड़ पड़े, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक द्वारा नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group