मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित कूकड़ा चौकी बुधवार को उस समय सुर्खियों में आ गई, जब रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने चौकी परिसर में हंगामे का रूप ले लिया। एक पक्ष ने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने तथा अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए, जबकि पुलिस ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।जानकारी के अनुसार कूकड़ा चौराहे पर चाऊमीन का ठेला लगाने वाले युवक ऋतिक का कुछ लोगों के साथ उधारी के पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार को इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक के साथ हाथापाई की गई तथा बीच-बचाव में पहुंची महिला के साथ भी अभद्रता की गई।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए कूकड़ा चौकी ले आई। चौकी परिसर में उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब युवक के परिजनों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को पुलिस वाहन में बैठाए जाने के दौरान उसकी मां भावुक हो गई और पुलिसकर्मियों से बेटे को छोड़ने की गुहार लगाने लगी।हंगामे के दौरान चौकी परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने घटनाक्रम की वीडियो बना ली, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि एक नाबालिग बच्चे को चौकी में बैठाकर प्रताड़ित किया गया, हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इस आरोप को सिरे से खारिज किया है।मामले की सूचना मिलने पर मीडिया कर्मी भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर विवाद और हंगामे की सूचना मिलने पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों पक्षों को चौकी लाया गया था तथा नियमानुसार कार्रवाई की गई है।घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर विभिन्न चर्चाएं होती रहीं। लोगों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।