नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में एक परिवार की खुशियां पलभर में उजड़ गईं। भवालीगांव-सेनिटोरियम बाईपास मार्ग पर ढेला गांव के निकट एक कार अनियंत्रित होकर सैकड़ों मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पति-पत्नी, उनके बेटे-बेटी और चालक सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार खटीमा निवासी भूपेंद्र सिंह चुफाल अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने आए थे। गुरुवार को वे भवाली क्षेत्र स्थित दुनिखाल में रिश्तेदारी की कैंप साइट पर जा रहे थे। कार को लखनऊ निवासी चालक अनुज कुमार मिश्रा चला रहा था। बताया जा रहा है कि ढेला गांव के समीप तीखे मोड़ पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और एसएसबी की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। खाई की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। घंटों की मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।हादसे में जान गंवाने वालों में भूपेंद्र सिंह चुफाल, उनकी पत्नी सीमा चुफाल, पुत्र वासु चुफाल, पुत्री रावी चुफाल और चालक अनुज कुमार मिश्रा शामिल हैं। एक साथ पूरे परिवार की मौत की खबर से खटीमा क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल ने बताया कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खोना दुर्घटना का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group