नई दिल्ली। करीब दस महीने से ईरान में हिरासत का सामना कर रहे 10 भारतीय नाविकों को आखिरकार राहत मिल गई है। भारत सरकार के लगातार कूटनीतिक प्रयासों के बाद सभी नाविकों की रिहाई सुनिश्चित हो गई है और अब उनकी जल्द भारत वापसी की तैयारी की जा रही है।डायरेक्टरेट जनरल ऑफ शिपिंग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार ये सभी भारतीय नाविक एमवी हार्बर फिनिक्स नामक जहाज पर तैनात थे। जुलाई 2025 में ईरान के जस्क पोर्ट के निकट जहाज को रोके जाने के बाद नाविकों को हिरासत में ले लिया गया था। बाद में उन्हें जेल भेज दिया गया, जिसके चलते उनके परिवार लंबे समय से चिंता और इंतजार में थे।सरकारी अधिकारियों के मुताबिक विदेश मंत्रालय, पोर्ट्स, शिपिंग एवं जलमार्ग मंत्रालय, तेहरान स्थित भारतीय दूतावास तथा जहाज प्रबंधन कंपनी ने मिलकर लगातार समन्वय और बातचीत की। इन्हीं प्रयासों के चलते नाविकों की सुरक्षित रिहाई संभव हो सकी।बताया गया है कि सभी नाविक फिलहाल सुरक्षित हैं और उन्हें आपस में मिलवा दिया गया है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनकी स्वदेश वापसी कराई जाएगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि विदेशों में कार्यरत भारतीय नाविकों की सुरक्षा और कल्याण उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।जानकारी के अनुसार एमवी हार्बर फिनिक्स पलाऊ ध्वज वाला एक ऑयल टैंकर है। पूरे घटनाक्रम के दौरान भारत सरकार ने सार्वजनिक बयानबाजी से दूरी बनाए रखते हुए शांत और संयमित कूटनीतिक रणनीति अपनाई। माना जा रहा है कि इसी रणनीति और लगातार राजनयिक संवाद के कारण नाविकों की रिहाई का रास्ता साफ हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group