मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक होटल में हंगामा और तोड़फोड़ की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।जानकारी के अनुसार छपार थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे स्थित एक होटल में 15 से 20 युवकों का समूह पहुंचा था। आरोप है कि युवकों ने होटल में गाली-गलौज करते हुए तोड़फोड़ की और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए छपार थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और जांच के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आशीष शर्मा पुत्र अशोक कुमार शर्मा निवासी कांशीराम कॉलोनी, बुढ़ाना मोड़, थाना कोतवाली नगर, हेमंत शर्मा पुत्र प्रमोद शर्मा निवासी मेदपुर, थाना छपार तथा अभिषेक शर्मा पुत्र संदीप शर्मा निवासी आनंदीपुरा, थाना सिविल लाइन शामिल हैं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना में शामिल अन्य युवकों की पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।