कुशीनगर। सेवरही थाना क्षेत्र के पिपराघाट गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। प्रेम संबंधों को लेकर नाराज एक पिता पर अपनी दो जवान बेटियों की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार पिपराघाट गांव के देवनारायण टोला निवासी रामप्रसाद मल्लाह की बेटियां लाली (20) और शीला (18) घर पर ही रह रही थीं। बताया जाता है कि दोनों के गांव के कुछ युवकों से प्रेम संबंध थे। करीब एक वर्ष पहले दोनों बहनें घर छोड़कर चली गई थीं, लेकिन बाद में वापस लौट आई थीं। इसके बाद गांव में पंचायत हुई और परिवार के साथ रहने का निर्णय लिया गया था।पुलिस के अनुसार पिता को बेटियों के व्यवहार पर संदेह था। आरोप है कि सोमवार दोपहर उसने अपने दो नाबालिग बेटों, जिनकी उम्र 14 और 12 वर्ष बताई जा रही है, के साथ मिलकर दोनों बहनों को घर के एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद लाठी-डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। गंभीर चोटें लगने से दोनों बहनों की मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकीदार की तहरीर पर रामप्रसाद मल्लाह और उसके दोनों नाबालिग बेटों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने दोनों नाबालिग भाइयों को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी पिता घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। घटना के बाद परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के कुछ लोग भी घर छोड़कर चले गए हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।