मुजफ्फरनगर। धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण शुकतीर्थ के विकास को नई गति मिलने जा रही है। मोरना से शुकतीर्थ तक जाने वाले मुख्य मार्ग को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला पंचायत से मंजूरी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने मौके पर पहुंचकर सर्वे और निरीक्षण का कार्य शुरू कर दिया है। इस खबर से क्षेत्र के लोगों, व्यापारियों और साधु-संतों में खुशी का माहौल है।जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने बताया कि लंबे समय से शुकतीर्थ आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की ओर से सड़क चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। अब इस मांग को मंजूरी मिल गई है। योजना के तहत मोरना स्थित सरकारी अस्पताल तिराहे से लेकर शुक्रताल पुलिस चौकी तक करीब पांच किलोमीटर सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा।उन्होंने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ मोरना में राजबाहे पर बनी संकरी पुलिया का भी विस्तार किया जाएगा। यह पुलिया अक्सर यातायात में बाधा बनती है। भोपा मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया का कार्य पूरा होने के बाद मोरना की पुलिया का चौड़ीकरण शुरू कराया जाएगा।लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल राणा ने बताया कि परियोजना के लिए सर्वे कार्य चल रहा है। सभी तकनीकी पहलुओं की जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी और आगे की कार्रवाई के लिए भेजी जाएगी। सड़क चौड़ीकरण से पहले मार्ग के दोनों ओर गुजर रही विद्युत लाइनों को भी दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाएगा। इसके लिए विद्युत विभाग ने निरीक्षण शुरू कर दिया है।योजना के अनुसार सड़क के दोनों ओर लगभग 21-21 फीट चौड़ा कंक्रीट मार्ग बनाया जाएगा, जबकि किनारों पर पांच-पांच फीट इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाई जाएंगी। इससे सड़क मजबूत होने के साथ-साथ सुंदर भी दिखाई देगी।शुकतीर्थ विकास समिति और स्थानीय लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि फोरलेन सड़क बनने से तीर्थ यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे। लोगों का मानना है कि यह परियोजना शुकतीर्थ को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।