मुरादाबाद। जनपद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ कथित शोषण और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर कुल 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।पुलिस को दी गई तहरीर में एक महिला ने आरोप लगाया कि गांव भटावली निवासी इरफान का उनके घर आना-जाना था। इसी दौरान उसने उनकी बेटी को अपने प्रभाव में ले लिया। आरोप है कि कई वर्षों तक उसने युवती का शारीरिक शोषण किया और इस दौरान उसकी आपत्तिजनक वीडियो भी बना ली। बाद में उसी वीडियो को आधार बनाकर युवती पर दबाव बनाया जाता रहा।पीड़िता के अनुसार आरोपी ने उसे संपर्क में रखने के लिए मोबाइल फोन भी उपलब्ध कराया था। आरोप है कि कुछ समय बाद उसने वीडियो अपने दो परिचितों को भी दे दी। इसके बाद वे लोग भी युवती को फोन कर परेशान करने लगे और संबंध बनाने का दबाव डालते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगे।मामले की जानकारी मिलने पर युवती के माता-पिता आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद परिजनों ने उनकी बात सुनने के बजाय अभद्र व्यवहार किया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी गई।घटना के बाद पीड़िता की मां ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य आरोपी इरफान, उसके परिजनों और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।एसपी सिटी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group