मुरादाबाद। कुंदरकी थाना क्षेत्र के खनूपुरा गांव में रविवार सुबह जमीन को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के दौरान चली गोली से एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा।जानकारी के अनुसार, गांव के दो पक्षों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार सुबह एक पक्ष का युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली से खेत में गोबर डालने पहुंचा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों से उसकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ गया।ग्रामीणों का कहना है कि बहस के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी बीच गोली चल गई। गोली लगने से घर के बाहर बैठा अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई। वहीं आशीष नामक युवक भी घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।घटना की खबर गांव में फैलते ही लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।घटना के बाद गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group