देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में युवक विनोद कश्यप की हत्या के बाद रविवार को हालात तनावपूर्ण हो गए। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के दो मकानों में आग लगा दी और विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रशासन ने मुख्य आरोपी से जुड़े बताए जा रहे अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई भी की। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है।पुलिस के अनुसार, सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव निवासी विनोद कश्यप की शनिवार शाम दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच सेटरिंग के 14 हजार रुपये के लेन-देन और खेत में ट्यूबवेल के पानी को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार को इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।परिजनों का आरोप है कि झड़प के दौरान विनोद कश्यप पर हथौड़े से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना में परिवार के तीन अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।हत्या की सूचना मिलते ही क्षेत्र में तनाव फैल गया। रविवार को बड़ी संख्या में लोग गांव में एकत्र हुए और आरोपियों के घरों की ओर बढ़ गए। इस दौरान दो मकानों में आगजनी और तोड़फोड़ की गई। पुलिस को भी पथराव का सामना करना पड़ा, जिसके बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया गया।प्रशासन ने मुख्य आरोपी के घर के समीप बने कथित अवैध निर्माण पर कार्रवाई करते हुए बाउंड्रीवाल ध्वस्त कर दी। हालांकि ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।पुलिस ने इस मामले में रज्जाक, इम्तियाज, अमन, यूनुस, शाहबाज, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, जावेद और इंतजार समेत 12 नामजद आरोपियों तथा 30 से 35 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डेरा डाले हुए हैं और पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।प्रशासन और पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या और बाद में हुई हिंसा, दोनों मामलों में दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रखा गया है।