मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के लुहारी खुर्द गांव में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की तीन विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय युवती शनिवार को पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थी। आरोप है कि इसी दौरान दधेड़ू खुर्द निवासी उमर पुत्र आस मोहम्मद और उसके साथियों ने उसे पकड़ लिया। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने उसके साथ जबरदस्ती की और उसे देर तक अपने कब्जे में रखा।जब देर शाम तक युवती घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद युवती जंगल में अचेत अवस्था में मिली। इसके बाद परिजन उसे लेकर पुलिस के पास पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी उमर पुत्र आस मोहम्मद निवासी दधेड़ू खुर्द और उसके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाना चरथावल पुलिस की संयुक्त तीन टीमें बनाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।एसएसपी ने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। जल्द गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है।