मुजफ्फरनगर, 14 जून 26। जनपद में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरकाजी, तेजलहेड़ा, छपार, बरला तथा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी व्यवस्था, दवा वितरण, जांच सुविधाओं, साफ-सफाई और अभिलेखों का गहनता से परीक्षण किया। साथ ही स्वास्थ्य मेलों में आने वाले लोगों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिकायत की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने, स्वास्थ्य केंद्रों की स्वच्छता बनाए रखने तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।स्वास्थ्य मेलों के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया। निरीक्षण के समय संबंधित चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे।