खतौली (आकाश तायल)। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के नगर संघ चालक एवं वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय अशोक कुमार एडवोकेट के निधन पर रविवार को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके आवास पहुंचकर गहरा शोक व्यक्त किया। इस दौरान नेताओं ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल पंवार, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री सुधीर बालियान तथा वरिष्ठ भाजपा नेता पंकज गुप्ता स्वर्गीय अशोक कुमार एडवोकेट के निवास पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि अशोक कुमार अग्रवाल एक शिक्षाविद्, समर्पित समाजसेवी और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कर्मठ कार्यकर्ता थे। समाज और संगठन के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।नेताओं ने कहा कि स्वर्गीय अशोक कुमार ने अपने जीवनकाल में सामाजिक, शैक्षिक और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके निधन से समाज और संगठन को अपूरणीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई कर पाना संभव नहीं है। उन्होंने परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने का संबल दिया और कहा कि पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में पूर्व जिला मंत्री मदन छाबड़ा, पूर्व मंडल अध्यक्ष उमेश कुमार, पूर्व मंडल अध्यक्ष सत्येंद्र जैन, प्रताप वाल्मीकि, सुभाष गुप्ता, कंवरसैन जैन, अमित त्यागी सभासद, गुरुदत्त अरोड़ा, देवेंद्र गुप्ता, विकास बंसल, राजीव सैनी, अनंत शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे।दिवंगत अशोक कुमार एडवोकेट के निधन पर क्षेत्र में शोक की लहर है तथा विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों द्वारा भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।