मुजफ्फरनगर, 15 जून 26। महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण और पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सपना कश्यप 17 जून को मुजफ्फरनगर पहुंचेंगी। इस दौरान वह अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करने के साथ-साथ जनसुनवाई भी करेंगी।जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा जनपद में महिला उत्पीड़न की रोकथाम, पीड़ित महिलाओं की समस्याओं के समाधान तथा उन्हें शीघ्र न्याय उपलब्ध कराने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसके अंतर्गत 17 जून 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में समीक्षा बैठक, जनसुनवाई एवं निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा।उन्होंने बताया कि जनपद की ऐसी महिलाएं और बालिकाएं, जो किसी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या अन्य शिकायत से परेशान हैं, वे आयोग की सदस्य के समक्ष अपना पक्ष रख सकती हैं। इसके लिए पीड़ित महिला या बालिका को संबंधित प्रार्थना पत्र और आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा।प्रशासन ने महिलाओं से अपील की है कि वे अपनी शिकायतों के समाधान के लिए इस अवसर का लाभ उठाएं और आयोग के समक्ष अपनी समस्याएं प्रस्तुत करें, ताकि उनका प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group