मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र में युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी घेराबंदी के बाद पकड़ लिया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार 13 जून को चरथावल थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाया गया और उसके साथ गलत कार्य किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कई टीमों को गिरफ्तारी के लिए लगाया गया था।मंगलवार को थाना चरथावल पुलिस और एसओजी की टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान दधेड़ू पुल के नीचे से दधेड़ू खुर्द जाने वाले मार्ग पर दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे। पुलिस का आरोप है कि पीछा किए जाने पर दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।इसके बाद पुलिस ने दोनों को चारों ओर से घेर लिया और आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन आरोपियों ने दोबारा फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाकर पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमर उर्फ सालिम पुत्र आस मोहम्मद निवासी दधेड़ू खुर्द थाना चरथावल और मौहम्मद अब्दुल्ला पुत्र मतलूब निवासी बागोवाली थाना नई मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group