मुजफ्फरनगर। जानसठ थाना पुलिस और एसओजी देहात टीम ने तिसंग स्थित यूनियन बैंक शाखा में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बैंक से चोरी की गई पूरी नकदी बरामद कर ली है। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा और लोहे की रॉड भी बरामद की गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि यूनियन बैंक तिसंग शाखा के प्रबंधक अजय प्रताप सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि रविवार रात अज्ञात चोर बैंक की दीवार काटकर अंदर घुस गया और नकदी चोरी कर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। घटना के खुलासे के लिए थाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम गठित की गई थी।जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। मंगलवार को पुलिस टीम मन्तौड़ी पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा।पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई। इसके बाद आरोपी बाइक छोड़कर खेतों की ओर भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन आरोपी नहीं माना। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज उर्फ भट्टड़ पुत्र सुभाष निवासी बुआड़ा कला, थाना खतौली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से बैंक से चोरी किए गए 4 लाख 17 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। यह चोरी गई रकम की शत-प्रतिशत बरामदगी बताई गई है। इसके अलावा एक अवैध तमंचा 315 बोर, कारतूस, लोहे की रॉड तथा घटना में प्रयुक्त बजाज एक्ससीडी मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी की वारदात में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि बैंक चोरी जैसी गंभीर घटना का खुलासा कम समय में करते हुए पूरी रकम बरामद कर ली गई।