मुजफ्फरनगर। शहर में दिन-प्रतिदिन बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। शहर के व्यस्त चौराहों और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने विशेष आरटीसी योजना लागू की है। यह अभियान 31 जुलाई तक चलाया जाएगा, जिसके तहत पुलिसकर्मी और रूट मार्शल सड़कों पर उतरकर जाम की समस्या का समाधान करेंगे।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान की निगरानी पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे करेंगे। मंगलवार को यातायात कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने रूट मार्शलों, यातायात उपनिरीक्षकों और अन्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर को जाममुक्त बनाने के लिए सभी को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ काम करना होगा।एसपी ट्रैफिक ने कहा कि केवल चालान काटना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सड़क पर मौजूद रहकर यातायात को सुचारु बनाना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों शिव चौक, मीनाक्षी चौक, महावीर चौक, नई मंडी, भगत सिंह रोड, भोपा रोड और रुड़की रोड पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।योजना के तहत नियुक्त रूट मार्शल प्रतिदिन सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक अपने निर्धारित क्षेत्रों में तैनात रहेंगे। जाम की स्थिति बनने पर वे तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराने का कार्य करेंगे। साथ ही सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात में बाधा बनने वाले कारणों को भी दूर कराया जाएगा।पुलिस प्रशासन ई-रिक्शा और ऑटो चालकों की मनमानी पर भी अंकुश लगाने की तैयारी में है। इसके लिए निर्धारित स्थानों पर ही सवारी बैठाने और उतारने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। वहीं एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन वाहनों को बिना किसी बाधा के रास्ता दिलाना रूट मार्शलों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।गौरतलब है कि मुजफ्फरनगर शहर लंबे समय से ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। सुबह और शाम के समय कई प्रमुख चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम नागरिकों पर पड़ता है। कई बार लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में घंटों का समय लग जाता है।इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने यह विशेष अभियान शुरू किया है। अधिकारियों का मानना है कि यदि यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया गया और आम लोगों का सहयोग मिला तो शहर में जाम की समस्या काफी हद तक कम की जा सकती है।एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन न रोकें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के संयुक्त प्रयास से ही शहर को जाममुक्त बनाया जा सकता है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस अभियान के सकारात्मक परिणाम जल्द ही दिखाई देंगे और शहरवासियों को राहत मिलेगी।