मुजफ्फरनगर। जिले के एक गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 19 वर्षीय युवक का शव जंगल में पॉपुलर के पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव बरला निवासी वंश वाल्मीकि (19) पुत्र प्रदीप वाल्मीकि मंगलवार सुबह करीब सात बजे अपनी गाय के लिए चारा लेने जंगल गया था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच करीब दस बजे एक किसान अपने गन्ने के खेत में दवाई छिड़कने पहुंचा। वहां पास में स्थित एक पॉपुलर के बाग में उसकी नजर पेड़ से लटके एक युवक पर पड़ी।घटना की जानकारी तत्काल गांव के लोगों को दी गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने युवक की पहचान वंश के रूप में की और उसके परिजनों को सूचना दी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा शव को नीचे उतारकर घर ले आए।बताया गया कि वंश बरला डिग्री कॉलेज में बीए का छात्र था। वह पढ़ाई के साथ-साथ परिवार की जिम्मेदारियों में भी हाथ बंटाता था। उसके पिता प्रदीप एक टेंट व्यवसाय से जुड़े हैं। परिवार के लोगों का कहना है कि घर में किसी प्रकार का विवाद या तनाव नहीं था। ऐसे में युवक की मौत ने सभी को हैरान कर दिया है।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई।क्षेत्राधिकारी सदर पवन द्विवेदी ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।गांव में हुई इस घटना के बाद शोक का माहौल है। युवक की असमय मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Join WhatsApp Group